मेडिकल कॉलेज जौनपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
जौनपुर। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में 15 अगस्त 2026 को 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमापूर्ण वातावरण, हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल के दिशा-निर्देशन में सांस्कृतिक नोडल डॉ. प्रियंका सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद चिकित्सा शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया तथा राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रत्येक व्यक्ति का अपना निर्धारित दायित्व और कर्तव्य है। यदि सभी लोग अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तो एक बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों, चिकित्सा शिक्षकों और कर्मचारियों से अपने-अपने कार्यों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) ए.ए. जाफरी ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि मरीजों की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी चिकित्सा संस्थान की वास्तविक पहचान उसकी सुविधाओं के साथ-साथ वहां कार्यरत लोगों की सेवा भावना, व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा से होती है।
समारोह के दौरान महाविद्यालय में ईमानदारी, निष्ठा और उत्कृष्टता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले कर्मचारियों तथा एमबीबीएस अंतिम वर्ष की परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य ने सम्मानित कर्मचारियों एवं छात्रा के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगीत, देशभक्ति कविताओं और भाषणों की प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया।
इमरजेंसी वार्ड में मरीजों का जाना कुशलक्षेम
कार्यक्रम के बाद प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल, चीफ प्रॉक्टर प्रो. (डॉ.) रुचिरा सेठी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. ए.ए. जाफरी सहित अन्य चिकित्सा शिक्षकों ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान मरीजों को फल एवं मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
कार्यक्रम में प्रो. भारती यादव, डॉ. ले. कर्नल सी.बी.एस. पटले, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. अरविन्द पटेल, डॉ. अनुज सिंह, डॉ. आनन्द सिंह, डॉ. जितेन्द्र कुमार, डॉ. सरिता पाण्डेय, डॉ. ममता, डॉ. अचल सिंह, डॉ. आदर्श यादव, डॉ. चन्द्रभान, डॉ. विनोद वर्मा, डॉ. मुदित चौहान, डॉ. पूजा पाठक, डॉ. नीवन सिंह, डॉ. कुलदीप गुप्ता, डॉ. संजीव यादव, डॉ. रोहित सरोज, डॉ. अवधेश गुप्ता, डॉ. दीपिका साव, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. अजय यादव, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. रेनू, डॉ. श्वेता सिंह, डॉ. बृजेश कन्नौजिया, डॉ. दीपिका सिंह सहित अन्य चिकित्सा शिक्षक, छात्र-छात्राएं, कर्मचारी एवं आसपास के लोग मौजूद रहे।


























































Leave a comment