Latest News / ताज़ातरीन खबरें

कादीपुर में वृहद वृक्षारोपण अभियान, सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में लगाए गए 51 पौधे

•उपजिलाधिकारी ने लगाया जामुन का पौधा, बोले- हर व्यक्ति जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाए

कादीपुर, सुलतानपुर। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सरस्वती शिशु मंदिर, कादीपुर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के कुल 51 पौधों का रोपण किया गया। इनमें आम, अमरूद, जामुन, पीपल, बरगद, शीशम, आंवला सहित छायादार एवं फलदार पौधे शामिल रहे।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक ने जामुन का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण के बिना स्वस्थ समाज और सुरक्षित पर्यावरण की कल्पना संभव नहीं है।

 

विशिष्ट अतिथि क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। वे हमें ऑक्सीजन, शुद्ध वातावरण और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। इसलिए पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है, तभी वृक्षारोपण अभियान सार्थक होगा।

 

तहसीलदार उमेश यादव ने कहा कि समाज में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ के समान पुण्य कार्य है। आज लगाया गया एक पौधा भविष्य में हजारों लोगों को शुद्ध वायु, छाया और जीवन प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर भाजपा नेता एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य घनश्याम चौहान, पूर्व जिला महामंत्री सुभाष चंद्र, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य अशोक कुमार, मनोज पांडे एडवोकेट, प्रेम शंकर पांडे, कृष्ण कुमार तिवारी, जिला मंत्री संतोष सिंह, सुनील दुबे, विश्वनाथ मिश्र, डॉ. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, महेश विश्वकर्मा, भूपेंद्र पाठक, व्यापार मंडल अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, पत्रकार सूर्य प्रकाश तिवारी, रमाकांत बरनवाल, प्रिंस सिंह, प्रशांत यादव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पंडित केशव प्रसाद मिश्र ने किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संदेश दिया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh