Accidental News / दुर्घटना की खबरें

*पीढ़वल मोड़ के पास चलती पिकअप का टायर फटा, हाईवे पर पलटी अनानास से लदी गाड़ी; सड़क पर बिखरा माल, चालक बाल-बाल बचा

घोसी।मऊ। घोसी कोतवाली क्षेत्र के पीढ़वल मोड़ के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। घोसी से मऊ की ओर जा रही अनानास से लदी पिकअप का पिछला टायर अचानक फट गया जिससे वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं जबकि पिकअप में लदा अनानास सड़क पर बिखर गया। दुर्घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।
        प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप सामान्य गति से मऊ की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन पीढ़वल मोड़ के समीप पहुंचा उसका पिछला टायर अचानक फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप हाईवे पर पलट गई।
    हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पलटी पिकअप में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को मामूली चोटें आईं लेकिन समय रहते उसे बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया। बहुत से फल कुचल कर खराब हो गए।
         पिकअप पलटते ही उसमें लदा अनानास सड़क पर बिखर गया जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वाहन सड़क के बीचोंबीच पलट जाने और फल बिखरने के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई तथा यातायात आंशिक रूप से प्रभावित रहा।
    सूचना मिलने पर क्रेन मंगाकर पलटी पिकअप को सड़क से हटाया गया। वाहन हटने के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय हाईवे पर अधिक भीड़ नहीं थी जिससे कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया।
    स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा व्यस्त समय में होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था। मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से चालक की जान बच गई और स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh