कांग्रेस कार्यालय में बैठक के दौरान मारपीट जुतम पैजार से मचा हड़कंप राष्ट्रीय सचिव की मौजूदगी में हुआ विवाद, दोनों पक्षों ने लगाए आरोप; पुलिस को दी गई तहरीर
अलीगढ़। शहर के रेलवे रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में रविवार को आयोजित संगठनात्मक बैठक के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट और जूतम-पैजार में बदल गई। घटना के समय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी तौकीर आलम सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद थे। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू और सेवादल के पूर्व जिला संगठक आलोक गौड़ के साथ आए सोनू वाल्मीकि के बीच हुई। आरोप है कि बातचीत के दौरान धार्मिक टिप्पणी को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद सोनू और शाहिद के बीच मारपीट शुरू हो गई। हंगामे के बीच शाहिद ने भी जवाब में सोनू पर जूते से हमला कर दिया। इसके बाद मौजूद कार्यकर्ताओं ने सोनू को बाहरी बताते हुए कार्यालय परिसर से बाहर कर दिया। बताया जाता है कि इसके बाद शाहिद गुड्डू अपनी शिकायत लेकर राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम के पास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना आलोक गौड़ की साजिश का हिस्सा है और गुस्से में उन पर भी जूता फेंक दिया। इससे बैठक का माहौल और तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख तौकीर आलम और पूर्व विधायक विवेक बंसल ने हस्तक्षेप करते हुए सभी को फटकार लगाई और अनुशासनहीनता पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद मामला शांत कराया गया। घटना के संबंध में चंदनिया निवासी सोनू वाल्मीकि ने गांधीपार्क थाने में जिला उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू और तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। सोनू का आरोप है कि अनुसूचित जाति के नए कांग्रेस प्रभारी की मौजूदगी में उनके साथ मारपीट की गई। वहीं, गांधीपार्क थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ठाकुर सोमवीर सिंह ने कहा कि मारपीट करने वाला युवक पार्टी का कार्यकर्ता नहीं, बल्कि बाहरी व्यक्ति है। उसने कार्यालय में घुसकर अनावश्यक विवाद खड़ा किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी बैठकों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने की व्यवस्था की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की भी सहायता ली जाएगी। साथ ही जिला उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू को समझाकर मामला शांत करा दिया गया है।


























































Leave a comment