Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मोहर्रम पर ताजिया बनाने वाले कलाकारों का मेडल, ट्रॉफी, मोमेंटो व फूल-माला पहनाकर हुआ सम्मान

देवरिया।मझौली राज, नगर पंचायत मझौली राज के मेन चौराहा स्थित विसरती मोहल्ला में मोहर्रम के अवसर पर भव्य एवं आकर्षक ताजिया तैयार करने वाले कलाकारों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अमिट रेखा के प्रदेश प्रभारी कालिका तिवारी एवं समाजसेवी दिनेश वर्मा ने ताजिया निर्माण में अपनी उत्कृष्ट कला, कठिन परिश्रम और समर्पण का परिचय देने वाले कलाकारों को फूल-माला पहनाकर, मेडल, ट्रॉफी एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि ताजिया निर्माण केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय शिल्पकला, सांस्कृतिक विरासत, गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की जीवंत मिसाल है। महीनों की मेहनत और बारीक कारीगरी से तैयार किए गए ताजिए कलाकारों की अद्भुत प्रतिभा को दर्शाते हैं और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं एकता का संदेश देते हैं।
इस अवसर पर ताजिया निर्माण में विशेष योगदान देने वाले कलाकार मुहम्मद हुसैन उर्फ बब्लू, जावेद, शेरू, यूसुफ, सलाउद्दीन, दिलशाद, इश्तियाक एवं साबिर को सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने कलाकारों की कला की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कालिका तिवारी ने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली कारीगरों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। ऐसे कलाकार अपनी कला के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं। वहीं दिनेश वर्मा ने कहा कि कलाकारों की मेहनत और समर्पण ही मोहर्रम की परंपरा को भव्य स्वरूप प्रदान करता है। ऐसे हुनरमंद लोगों को सम्मानित करना समाज के लिए गौरव की बात है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद कलाकारों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के संदेश के साथ हुआ। समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh