Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जन कल्याण शिविर में विधायक राजेश गौतम ने गिनाईं डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां

• कादीपुर ब्लॉक परिसर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया निरीक्षण, योजनाओं का लाभ लेने की अपील

कादीपुर, सुलतानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष प्रधानमंत्री पद पर पूर्ण होने के उपलक्ष्य में केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर के दूसरे दिन सोमवार को क्षेत्रीय विधायक राजेश गौतम ने ब्लॉक परिसर पहुंचकर कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।

विधायक राजेश गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ लाखों लोग प्राप्त कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आमजन को योजनाओं की जानकारी सरल और सुगम तरीके से उपलब्ध कराई जाए।

विधायक ने कहा कि जन कल्याण शिविर सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं, जानकारी और समस्याओं के समाधान की सुविधा मिलती है। इससे आम नागरिकों का समय और धन दोनों की बचत होती है तथा शासन की योजनाओं का लाभ तेजी से पात्र लोगों तक पहुंचता है।

उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेने और उनका लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, छात्रवृत्ति, महिला एवं बाल विकास योजनाओं, वन एवं पर्यावरण संरक्षण तथा अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी लोगों को उपलब्ध कराई गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन भी किए।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष दरगाही निषाद, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh