National News / राष्ट्रीय ख़बरे

कनाडा से आया, कत्ल किया और फिर सरहद पार उड़ गया!

•पंजाबी सिंगर इंदर कौर मर्डर केस में पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

इंदर कौर की हत्या ने पूरे पंजाब को झकझोर कर रख दिया है। लुधियाना की चर्चित पंजाबी सिंगर इंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद होने के बाद परिवार ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि छह दिन पहले हुए अपहरण की जानकारी पुलिस को समय रहते दे दी गई थी, एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन कार्रवाई में ढिलाई के कारण उनकी बेटी की जान चली गई।

परिजनों के अनुसार, इंदर कौर का कुछ दिन पहले गन पॉइंट पर अपहरण कर लिया गया था। घटना के तुरंत बाद परिवार ने पुलिस को आरोपी के बारे में पूरी जानकारी दी थी। आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और शुरुआती घंटों में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम उठाए जाते तो इंदर कौर की जान बचाई जा सकती थी।

मामले में मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह बताया जा रहा है। परिवार के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से इंदर कौर पर शादी का दबाव बना रहा था। जब उन्होंने शादी से इनकार किया तो आरोपी ने रंजिश रखते हुए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी आसानी से कनाडा फरार हो गया।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को आरोपी के विदेश भागने की आशंका पहले ही थी, इसके बावजूद समय रहते लुकआउट नोटिस या इमिग्रेशन अलर्ट जारी नहीं किया गया। अब आरोपी के देश छोड़ने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग पुलिस प्रशासन की लापरवाही को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

इंदर कौर का शव नीलो नहर से मिलने के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिवार ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए विभिन्न एजेंसियों से संपर्क किया जा रहा है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा, पुलिस की तत्परता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फरार होने वाले आरोपियों पर निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh