Accidental News / दुर्घटना की खबरें

मऊ मेधावी छात्रा शताक्षी राय की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत! पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ी

मऊ जनपद के बनौरा गांव से जुड़ा एक अत्यंत हृदयविदारक मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। पद्म श्री अशोक भगत जी की बड़ी पुत्री संध्या राय की इकलौती बेटी शताक्षी राय (उम्र लगभग 22 वर्ष) की सोमवार को विशाखापट्टनम में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई।
बताया जाता है कि शताक्षी राय एक अत्यंत मेधावी छात्रा थी। वह भुवनेश्वर स्थित कलिंगा यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रही थी और उसका इंफोसिस कंपनी, बेंगलुरु में कैंपस सिलेक्शन भी हो चुका था। वह अपने अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा देने भुवनेश्वर गई हुई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद अपने साथियों के साथ घूमने के लिए विशाखापट्टनम गई थी। इसी दौरान सोमवार की शाम लगभग 3 बजे बस की चपेट में आने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। यह हादसा इतना अचानक और भयावह था कि साथ गए छात्र-छात्राएं भी सदमे में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद बुधवार सुबह लगभग 9:30 बजे एयर इंडिया के विमान से शताक्षी का पार्थिव शरीर वाराणसी एयरपोर्ट लाया गया, जहां परिजन और रिश्तेदार पहले से मौजूद थे। शताक्षी के पिता त्रिभुवेंद्र राय, ग्राम बनौरा के रहने वाले हैं ग्राम सभा रईसा पोस्ट कसारा-पूरे (मऊ) में पिछले 12 वर्षों से अवधेश स्मृति इंटर कॉलेज के संचालक एवं प्रधानाचार्य के रूप में कार्यरत हैं। इकलौती संतान की असमय मृत्यु ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। वाराणसी से पार्थिव शरीर घर लाए जाने के बाद अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लग गया। हर आंख नम थी और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। इसके बाद दोहरीघाट स्थित मुक्तिधाम पर सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में शताक्षी राय का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों की आंखें नम थीं और हर कोई इस होनहार बेटी के यूं असमय चले जाने से स्तब्ध था। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। एक होनहार बेटी, जिसने अपने सपनों की उड़ान भरनी शुरू ही की थी, वह यूं अचानक सबको छोड़कर चली गई यह दर्द हर किसी के दिल में गूंज रहा है!!


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh