गुरुकुलम विद्यापीठ में देवरिया सहोदया स्कूल एसोसिएशन की सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रतियोगिता संपन्न
•विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा से मोहा मन, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत,
देवरिया। सहोदया स्कूल एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरुकुलम विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मोहरा मार्ग, बराव, देवरिया के परिसर में भव्य सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी कला, प्रतिभा एवं शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, कला और रचनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर प्रथम स्कॉलर्स एकेडमी देवरिया, द्वितीय जे के मित्तल देवरिया एवं तृतीय गुरुकुलम विद्यापीठ बराव स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुकुलम विद्यापीठ के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश त्रिपाठी ने की। उनके कुशल मार्गदर्शन एवं विद्यालय परिवार के सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत व्यवस्थित, सफल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, साथ ही उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, प्रतिस्पर्धा की भावना एवं आपसी समन्वय का विकास होता है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक एवं शैक्षिक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

























































Leave a comment