सलेमपुर में पहली बार सजी विशेष लोक अदालत, एक ही छत के नीचे मिला त्वरित न्याय,
•विधिक सेवा शिविर में उमड़ी भीड़, विभिन्न विभागों ने मौके पर सुनीं जनसमस्याएं,
•पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
देवरिया सलेमपुर ,उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के तत्वावधान में शनिवार को श्री रैनाथ ब्रह्मदेव महाविद्यालय, सलेमपुर में पहली बार विशेष लोक अदालत एवं विधिक सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक पहल में आमजन को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गयी तथा बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर में न्यायिक अधिकारियों के साथ राजस्व, विद्युत, पुलिस, बैंक, परिवहन, सामाजिक कल्याण, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अनेक मामलों का मौके पर ही समाधान कराया, जबकि समझौता योग्य मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण किया गया।
शिविर के दौरान नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, महिला एवं बाल अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, साइबर अपराध से बचाव, सरकारी योजनाओं तथा लोक अदालत की उपयोगिता के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गयी।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों एवं अधिकारियों ने महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव डॉ. मनु कालिया ने स्वयं पौधा रोपकर उसके संरक्षण का संकल्प दिलाया। पुलिस एवं अन्य अधिकारियों ने भी पौधरोपण अभियान में सहभागिता निभाई। उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गयी। यह पहल न्याय के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रेरक संदेश बन गयी।
क्षेत्रवासियों ने पहली बार सलेमपुर में आयोजित इस विशेष लोक अदालत एवं विधिक सेवा शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इससे लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिली और न्याय व्यवस्था आमजन के और करीब पहुंची। ग्रामीणों ने इसे न्याय को सरल, सुलभ और त्वरित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया
शिविर के समापन के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में श्री रैनाथ ब्रह्मदेव महाविद्यालय के निदेशक राजमणि मिश्र ने कहा कि सलेमपुर में पहली बार आयोजित विशेष लोक अदालत एवं विधिक सेवा शिविर आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुआ। उन्होंने बताया कि सलेमपुर, बरहज और भाटपार रानी तीनों तहसीलों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। विभिन्न विभागों की मौजूदगी के कारण अनेक मामलों का मौके पर ही समाधान हुआ। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच यह चर्चा रही कि ऐसे शिविर भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को न्याय और सरकारी सेवाओं का लाभ उनके निकट ही उपलब्ध हो सके।
महाविद्यालय के प्रबंधक पंडित दीनदयाल मिश्र ने कहा कि "न्याय तभी सार्थक होता है, जब वह समय पर और आमजन की सहज पहुंच में हो। विशेष लोक अदालत एवं विधिक सेवा शिविर ने इसी उद्देश्य को साकार किया है।"

























































Leave a comment