पति-जेठ को बेहोश कर प्रेमी संग फरार हुई नई नवेली दुल्हन, पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक ऐसी चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। यहाँ एक नई नवेली दुल्हन ने शादी के महज़ तीन महीने बाद ही एक ऐसा खेल रचा कि सब दंग रह गए। उसने अपने पति और जेठ को नशीला खाना खिलाकर बेहोश किया, फिर घर में रखे लाखों के गहने और नकदी समेटकर अपने प्रेमी के साथ भाग गई।
कोतवाली थाना क्षेत्र की नई बस्ती निवासी नवल किशोर ने अपने छोटे बेटे यशवंत की शादी तीन महीने पहले अमरौख गाँव की रीना से करवाई थी। शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन 1 जून को जब घर के बड़े-बुजुर्ग एक शादी समारोह में गए, तो रीना ने मौका पाकर पति और जेठ को बेहोश कर दिया। इसके बाद, वह घर से 3 लाख रुपये के गहने और 50 हज़ार रुपये नकद लेकर अपने प्रेमी रिंकू के साथ चंपत हो गई।
मायके वालों ने उल्टा लगाया हत्या का आरोप
रीना के लापता होते ही जब ससुराल वालों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिस जांच में जुट गई। लेकिन मामला तब और उलझ गया जब रीना के मायके वाले भी थाने पहुँच गए। उन्होंने उल्टा ससुराल वालों पर अपनी बेटी की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगा दिया। इस आरोप से पुलिस असमंजस में पड़ गई और मामला पेचीदा होता चला गया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग रहा था।
एक छोटी सी चूक और खुली पूरी कहानी
रीना और रिंकू दोनों ही अपने मोबाइल बंद करके गुजरात के सूरत शहर में जाकर छिप गए थे। लेकिन एक छोटी सी गलती ने उन्हें पकड़वा दिया। दरअसल, रीना ने अपना मोबाइल रिंकू के भाई को दे दिया था। कुछ दिन पहले जब रिंकू के भाई ने झांसी की पाल कॉलोनी में उस मोबाइल को ऑन किया, तो पुलिस को लोकेशन मिल गई। तुरंत हरकत में आते हुए पुलिस टीम सूरत पहुँची और दोनों को धर दबोचा।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रेमी के साथ फरार हुई दुल्हन को गहनों और कैश समेत गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ लूट, साजिश और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की पूछताछ में यह भी पता चला कि रीना और रिंकू पिछले 5 सालों से प्रेम संबंध में थे।


















































Leave a comment