-सीएचसी, पीएचसी सहित स्वास्थ्य केंद्रों पर चला स्वछता अभियान
देवरिया ।जिले में स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल स्वच्छता अभियान के तहत अभियान चलाया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एसके सिन्हा निर्देश पर मंगलवार को जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
सीएमओ डॉ एसके सिन्हा ने कहा कि अस्पताल में स्वच्छता सीधे मरीज की सेहत से जुड़ी है। गंदगी के कारण ही अस्पताल में संक्रमण फैलता है। हमारा उद्देश्य है कि हर स्वास्थ्य केंद्र निजी अस्पतालों की तरह साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखे। यह अभियान एक दिन का नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि सुबह 8 बजे से ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, आशा, एएनएम और सफाई कर्मचारियों की टीम सक्रिय होकर अस्पताल परिसर में साफ सफाई का अभियान चलाया। अस्पताल के मुख्य गेट से लेकर ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थियेटर, पैथोलॉजी लैब, शौचालय और रसोई घर तक की सघन सफाई की गई। अभियान के दौरान कई केंद्रों पर वर्षों से पड़े कबाड़, अनुपयोगी सामान और परिसर में उगी झाड़ियों को हटाया गया। नालियों की सफाई कर चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। मच्छर जनित रोगों से बचाव के लिए फॉगिंग और एंटी लार्वा स्प्रे भी कराया गया। रुद्रपुर, पथरदेवा, गौरीबाजार, बरहज, भटनी, भलुअनी, तरकुलवा, भाटपाररानी, सलेमपुर, लार,भटनी, भाटपार, बनकटा, बैतालपुर समेत सभी ब्लॉकों के सीएचसी, पीएचसी से सफाई अभियान की फोटो और रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को भेजी गई है।
मरीजों को भी किया जागरूक
अभियान के दौरान डॉक्टरों ने मरीजों और तीमारदारों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि वे कचरा डस्टबिन में ही डालें, बेड पर गंदगी न फैलाएं और शौचालय को साफ रखें। कई जगहों पर आशा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। न हो गंदगी, न हो बीमारी का डर, साफ़-सुथरा हो अस्पताल का हर एक दर। आइए मिलकर ये संकल्प उठाएं, स्वच्छ अस्पताल, स्वस्थ समाज बनाएं।


























































Leave a comment