मिशन शक्ति के तहत घोसी में एसिड व बैट्री की दुकानों पर पहुंची एंटी रोमियो टीम, दुकानदारों को दिए गए निर्देश
घोसी।मऊ। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और एसिड के संभावित दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से घोसी कोतवाली पुलिस ने मिशन शक्ति फेस-6 अभियान के तहत जांच और जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान कोतवाली घोसी की एंटी रोमियो टीम ने क्षेत्र की एसिड एवं बैट्री की दुकानों पर पहुंचकर जांच की। टीम ने दुकानदारों को एसिड की बिक्री, सुरक्षित रखरखाव और शासन की ओर से निर्धारित नियमों के संबंध में जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी।
अभियान एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी तथा कोतवाल रवींद्रनाथ राय की देखरेख में संचालित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दुकानदारों को एसिड की बिक्री में निर्धारित नियमों का पालन करने, उसके सुरक्षित भंडारण पर ध्यान देने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के लिए जागरूक किया। पुलिस ने बताया कि एसिड का दुरुपयोग किसी व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। ऐसे में एसिड की बिक्री और रखरखाव से जुड़े नियमों के प्रति दुकानदारों का जागरूक होना आवश्यक है।
महिला एसआई ऋचा सोनी ने बताया कि मिशन शक्ति फेस-6 अभियान के तहत थाना घोसी की एंटी रोमियो टीम द्वारा एसिड एवं बैट्री की दुकानों की जांच की गई। इस दौरान दुकानदारों को शासन के दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने और निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए कहा गया। उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, महिला अपराधों की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना और एसिड के संभावित दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाना है।
महिला एसआई यशोदा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों को भी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। दुकानदारों को भी समझाया गया कि वे एसिड की बिक्री एवं रखरखाव में सतर्कता बरतें और संबंधित नियमों का पालन करें।
घोसी कोतवाली पुलिस की ओर से चलाया गया यह अभियान महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की सतर्कता और जागरूकता प्रयासों का हिस्सा है। पुलिस का उद्देश्य केवल जांच करना ही नहीं बल्कि दुकानदारों और आम नागरिकों को सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना भी है ताकि एसिड के दुरुपयोग की आशंका को कम किया जा सके और महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने में समाज की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस जागरूकता अभियान में कोतवाली की मिशन शक्ति टीम की महिला आरक्षी आदि साथ रही।

























































Leave a comment