75 हजार के दो इनामी गैंगस्टर गिरफ्तार
•सलमान पर 36 और सज्जाद पर 11 मुकदमे, कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
आजमगढ़, 19 अक्टूबर। फूलपुर थाना पुलिस और विशेष अपराध नियंत्रण टीम ने सोमवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अंतरजनपदीय गोवध गिरोह से जुड़े हैं। गिरफ्तार आरोपियों पर कुल 75 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक थाना फूलपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में सलमान पुत्र फिरोज निवासी पीठापुर, थाना अहरौला पर 25 हजार रुपये तथा सज्जाद पुत्र अजीज पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दोनों काफी समय से वांछित चल रहे थे।
पुलिस टीम वांछित आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर 19 अक्टूबर को सुबह 11:35 बजे सतुवहिया पुलिया से कुछ पहले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में गिरोह से जुड़े होने की बात
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर गोवध करने की बात स्वीकार की है। दोनों के खिलाफ थाना फूलपुर में मु0अ0सं0 190/2026, धारा 3(1), 2(ख)(17) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
सलमान पर 36 मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 37 वर्षीय सलमान के खिलाफ कुल 36 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के अलावा हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, चोरी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
सलमान के खिलाफ आजमगढ़ के साथ ही अंबेडकरनगर, जौनपुर, मऊ, संतकबीरनगर, गोंडा, प्रतापगढ़ और अयोध्या में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
सज्जाद पर 11 मामले
51 वर्षीय सज्जाद के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ भी आजमगढ़ समेत अन्य जिलों में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अजीज खान, कांस्टेबल महेन्द्र कुमार सरोज, कांस्टेबल विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द, कांस्टेबल श्रेष्ठ कुमार यादव और कांस्टेबल आनन्द मौर्या शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

























































Leave a comment