शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग दो युवक झुलसे
देवरिया। भाटपार रानी में स्टेट बैंक के सामने सोमवार दोपहर एक दो मंजिला मकान में विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की चपेट में आने से बरामदे में खड़ी पेट्रोल से भरी दो पहिया वाहन जलने लगी। घटना के दौरान ऊपरी मंजिल पर फंसे दो लोगों को स्थानीय लोगों ने सीढ़ी लगाकर सुरक्षित बाहर निकाला। आग बुझाने के प्रयास में दो युवक भी झुलस गए। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार, नगर में स्टेट बैंक के सामने दूसरी पटरी पर ग्राम कुईचवर निवासी दिलीप सिंह का दो मंजिला मकान है। मकान की ऊपरी मंजिल पर दो किराएदार रहते हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सोमवार दोपहर मकान के निचले हिस्से में लगे विद्युत बोर्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे निकली चिंगारी सीढ़ी के पास बरामदे में खड़ी दो पहिया वाहन तक पहुंच गई। पेट्रोल भरा होने के कारण वाहन में आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगी।
आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सीढ़ी के सहारे ऊपरी मंजिल पर फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद जलती हुई वाहन को किसी तरह बरामदे से बाहर खींचकर आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान दो युवक झुलस गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग बगल में स्थित गोदाम तक नहीं पहुंच सकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इसी बीच अग्निशमन विभाग की गाड़ी और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन कर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझाया।
क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। अग्निशमन विभाग की गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी रही।

























































Leave a comment