साईकिल पा छात्राओं के खील उठे चेहरे
देवरिया।"बेटी पढ़ेगी, बेटी बढ़ेगी, तभी देश बढ़ेगा"—इसी मूल मंत्र के साथ स्वामी परमहंस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सजाँव के प्रांगण में शुक्रवार को सजाँव सेवा संकुल के बैनर तले भव्य साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। निःशुल्क साइकिल पाते ही ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के मीडिया सह-संयोजक शिवानन्द द्विवेदी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार बेटियों की उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा, "ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को आधुनिक और तकनीकी शिक्षा से जोड़ना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जब हमारी बेटियां शिक्षित और आत्मनिर्भर होंगी, तभी देश और समाज का वास्तविक विकास संभव है।"
बालिका शिक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए प्रमुख सरकारी योजनाएं
अपने संबोधन में शिवानन्द द्विवेदी ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए लागू की गई महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया:
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ: इस योजना ने समाज में बालिकाओं के प्रति सोच में बदलाव लाया है और उनके नामांकन दर को बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना (उत्तर प्रदेश): बालिका के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा ग्रहण करने तक विभिन्न चरणों में आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे अभिभावकों पर पढ़ाई का बोझ न पड़े।
सुकन्या समृद्धि योजना: यह योजना बेटियों के सुरक्षित भविष्य और उच्च शिक्षा के लिए बचत को बढ़ावा देने में अत्यंत कारगर सिद्ध हो रही है।
निःशुल्क साइकिल एवं डिजिटल शिक्षा योजनाएं: दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से स्कूल आने वाली छात्राओं की राह आसान करने के लिए 100छात्राओं को साइकिल वितरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार और सजाँव सेवा संकुल के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। साइकिल मिलने से बालिकाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था, जिससे अब उनके स्कूल आने-जाने की दूरी और समय की बाधा दूर होगी।इस दौरान संस्था के प्रबंधक अरविन्द दुवे,ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष लार आशनारायन सिंह, आकाश दुवे,संदीपन ,शेर कुशवाहा, सत्यप्रकाश, सोनी,संतोष दुवे,रामसुन्दर, गब्बर सिंह, तथा संस्था के कर्मचारी उपस्थित रहे।

























































Leave a comment