Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बरहज में पेंशन योजनाओं का लगा शिविर, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की पहल

देवरिया ।जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) राम जनम को तहसील बरहज का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उनके नेतृत्व में सोशल सेक्टर की पेंशन योजनाओं के तहत लाभान्वित वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं निराश्रित महिलाओं को पेंशन स्वीकृति प्रमाणपत्र वितरित करने तथा योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों के आवेदन कराने के लिए तहसील सभागार, बरहज में शिविर आयोजित किया गया।
           शिविर में नगर पालिका परिषद बरहज की अध्यक्ष श्वेता जायसवाल, क्षेत्र पंचायत प्रमुख सुभाष, जिला पंचायत सदस्य अखण्ड प्रताप सिंह और तहसीलदार बरहज उपस्थित रहे। मंशा सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके बाद जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) ने क्षेत्र पंचायत प्रमुख सुभाष का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
       इसके बाद मंशा सिंह द्वारा शिविर में उपस्थित राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के 15, दिव्यांग पेंशन के 10, दिव्यांगजनों हेतु सहायक उपकरण के पांच, निराश्रित महिला पेंशन के 15, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के पांच, अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रवृत्ति योजना के 20, अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति योजना के 10, सामान्य वर्ग छात्रवृत्ति योजना के 15 तथा अल्पसंख्यक कल्याण छात्रवृत्ति योजना के 10 लाभार्थियों को मुख्य अतिथियों के कर-कमलों द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित कराए गए
    इस अवसर पर काशीपति शुक्ल, जिला महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा संचालित पेंशन योजनाओं की जानकारी दी तथा विभागीय कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी प्रकार की पेंशन संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से लोगों को पेंशन के लिए भटकने और परेशान होने से निजात मिलेगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने मोहल्लों एवं गांवों में योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र व्यक्तियों को प्रेरित करने की अपील की, ताकि पेंशन संबंधी किसी भी समस्या के लिए विभाग अथवा आयोजित शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से नए आवेदन और पेंशन न मिलने से संबंधित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कराया जा सके।
        तहसील बरहज में आयोजित शिविर में जिला समाज कल्याण विभाग से संबंधित 94 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें 37 नए आवेदन कराए गए तथा 57 पेंशन प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग से संबंधित 22 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें 10 नए पेंशन आवेदन कराए गए तथा 12 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया। जिला प्रोबेशन विभाग से संबंधित 101 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें 32 नए पेंशन आवेदन कराए गए तथा पेंशन न मिलने से संबंधित 69 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया।
   अंत में श्वेता जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, बरहज, देवरिया का पुनः अभिवादन करते हुए शिविर में उपस्थित समस्त कर्मचारियों, लाभार्थियों एवं अन्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh