Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: 6 साल से फरार चल रही महिला अभियुक्ता गिरफ्तार, नाबालिग के अपहरण और पॉक्सो एक्ट में थी वांछित

बिलरियागंज (आजमगढ़):थाना बिलरियागंज पुलिस ने वर्ष 2019 के नाबालिग किशोरी के अपहरण और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में पिछले छह वर्षों से लगातार फरार चल रही वांछित महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

2019 में दर्ज हुआ था मामला, मुख्य आरोपी पहले ही जा चुका है जेल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2019 को बिलरियागंज थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और इस षड्यंत्र में सहयोग करने का मामला प्रकाश में आया था। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मु.अ.सं. 50/2019 के तहत आईपीसी की धारा 363, 366, 506, 120-बी और 3/4 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था।

विवेचना के दौरान पुलिस ने 4 जनवरी 2020 को अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया था, जबकि घटना के मुख्य आरोपी सुनील को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। हालांकि, षड्यंत्र में शामिल वांछित अभियुक्ता सरोज देवी पत्नी चंद्रिका (निवासी ग्राम पांती खुर्द, थाना बिलरियागंज) घटना के बाद से ही लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रही थी।

मुखबिर की सूचना पर घर के बाहर से हुई गिरफ्तारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार (13 सितंबर 2026) को पुलिस को बड़ी सफलता मिली।

थाना बिलरियागंज के उपनिरीक्षक प्यारे राम ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुबह करीब 11:30 बजे अभियुक्ता सरोज देवी को उसके घर के बाहर से ही गिरफ्तार कर लिया।

न्यायालय में बयान देने की बात कही, आगे की विधिक कार्रवाई जारी

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह अपने अधिवक्ता के माध्यम से ही माननीय न्यायालय के समक्ष अपना बयान प्रस्तुत करेगी। बिलरियागंज पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ आवश्यक विधिक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh