Crime News / आपराधिक ख़बरे

नौ महीने की मासूम को बंधक बनाकर पांच लाख के जेवर लुटे आधी रात को घर में घुसे चार बदमाश

गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र के तिघरा गांव में सोमवार देर रात चार नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार को धमकाते हुए करीब पांच लाख रुपये कीमत के जेवर लूट लिए। बदमाशों ने नौ माह की मासूम बच्ची को अपने कब्जे में लेकर परिवार पर दबाव बनाया। बच्ची की सुरक्षा को देखते हुए उसकी मां ने बदमाशों को घर में रखे आभूषण सौंप दिए। जेवर मिलने के बाद बदमाश मासूम को छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, तिघरा गांव निवासी प्रेमचंद के परिवार के लोग सोमवार रात घर में सो रहे थे। रात करीब एक बजे चार बदमाश मुंह बांधकर घर में दाखिल हुए। बताया जा रहा है कि उन्होंने घर के पीछे की ओर से प्रवेश किया। अचानक बदमाशों को सामने देखकर परिवार के लोग सहम गए।
बदमाशों ने नौ माह की बच्ची को अपने कब्जे में ले लिया और परिवार को धमकाते हुए घर में रखे जेवर निकालकर देने को कहा। विरोध करने या शोर मचाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। बच्ची की जान को खतरा देखते हुए उसकी मां पूजा ने बदमाशों का विरोध करने के बजाय उनकी मांग पूरी करना उचित समझा। पूजा ने घर में रखे करीब पांच लाख रुपये कीमत के बताए जा रहे आभूषण बदमाशों को सौंप दिए। जेवर मिलने के बाद बदमाशों ने बच्ची को छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पीपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी लेते हुए बदमाशों के घर में प्रवेश करने के तरीके और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों की पड़ताल शुरू कर दी है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जांच में जुटी है। घटना के बाद तिघरा गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh