हयातुन निशा हत्या कांड पति पत्नी के रिश्ते में रोडा बनने पर हुई थी हत्या शव को किये 18 टुकड़े।बैग में भरकर ट्रेन में रखें अवशेष
आगरा/चेन्नई। हयातुन निशा हत्याकांड की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार माणिक उद्दीन लस्कर और उसकी पत्नी भगवती माझी ने हत्या की वजह त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद बताई है। पुलिस के अनुसार माणिक और 38 वर्षीय निशा के बीच करीब छह महीने से प्रेम संबंध थे। निशा अपने पति से अलग रह रही थी।
पुलिस के मुताबिक निशा से संबंधों की जानकारी माणिक की 21 वर्षीय पत्नी भगवती को हो गई थी। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा। गुडुवांचरी स्थित किराये के मकान में तीनों के साथ रहने से तनाव और बढ़ गया। आरोप है कि इसी विवाद के चलते दोनों ने निशा की हत्या की साजिश रची।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव के करीब 18 टुकड़े कर दिए। कुछ अवशेष बड़े बर्तनों में रखे गए, जबकि धड़ समेत अन्य हिस्सों को लाल रंग के ट्रॉली बैग में भरकर चेन्नई सेंट्रल से तमिलनाडु एक्सप्रेस की जनरल बोगी में रख दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शरीर के कुछ हिस्सों को मैदा और सब्जी के साथ पकाने का प्रयास किया गया था।
चेन्नई से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस (12621) की जनरल बोगी में 5 अगस्त को आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रॉली बैग से मानव अवशेष बरामद हुए थे। बैग से दुर्गंध आने पर यात्रियों ने इसकी सूचना दी थी। जीआरपी ने बैग कब्जे में लेकर अवशेष पोस्टमार्टम के लिए भेजे और जांच शुरू की।
जांच के दौरान चेन्नई आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन के करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों चेन्नई से भागकर पूर्वाेत्तर क्षेत्र की ओर चले गए थे। पुलिस ने उन्हें मणिपुर से गिरफ्तार कर चेन्नई लाकर पूछताछ शुरू की। पुलिस अब हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग के अलावा पैसों के लेन-देन और पूरी साजिश में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।























































Leave a comment