Latest News / ताज़ातरीन खबरें

धर्म परिवर्तन के आरोप में तीन पर मुकदमा, पादरी हिरासत में

•नरहन खास गांव में पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को बरगलाने का आरोप, बजरंग दल कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर मचा हड़कंप

आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नरहन खास गांव में रविवार को धर्म परिवर्तन कराने के आरोप को लेकर हड़कंप मच गया। आरोप है कि मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना निवासी पादरी सोनू कुमार द्वारा दलित बस्ती के लोगों को पूजा-पाठ और झाड़-फूंक के नाम पर बरगलाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता और प्रजातिपुर मठ के महंत शिवसागर भारती मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

मामले की जानकारी मिलते ही जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एकत्र थे। पुलिस ने पादरी समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हिरासत में ली गई महिलाओं में मऊ समेत अन्य जिलों की निवासी भी शामिल बताई जा रही हैं। पुलिस ने कई घंटे तक पूछताछ के बाद मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि गांव के लोगों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से रविवार को पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को एकत्र किया जाता था। आरोप यह भी है कि झाड़-फूंक और आर्थिक लाभ का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। ग्रामीणों ने इस संबंध में पहले भी मठ के महंत और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को जानकारी दी थी।

रविवार को जब मऊ जनपद से पादरी के आने और लोगों को एकत्र किए जाने की जानकारी हुई तो बजरंग दल के करीब 50 कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। इस दौरान वहां मौजूद लोगों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की स्थिति बन गई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया।

बजरंग दल के सह संयोजक शिवम सिंह की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में एक गवाह के मिलने की भी बात सामने आई है।

जीयनपुर कोतवाल संजय कुमार सिंह ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh