Latest News / ताज़ातरीन खबरें

डीएम ने की बड़ी कार्रवाई तीन के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा चारागाह, पोखरी और बाहा की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला, दिए सख्त निर्देश

आजमगढ़। जनपद में सरकारी एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा रहे हैं। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सरकारी भूमि, सार्वजनिक मार्ग, चारागाह, पोखरी, बंजर एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही फर्जी अभिलेखों के माध्यम से सरकारी भूमि पर कब्जा करने के प्रयासों पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। इसी क्रम में तहसील मेहनगर प्रशासन ने विभिन्न मामलों की जांच के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उपजिलाधिकारी मेहनगर भूपाल सिंह के नेतृत्व में हुई जांच में ग्राम लौदह ईमादपुर निवासी पंकज पुत्र श्यामा द्वारा चारागाह की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की पुष्टि हुई। इस मामले में धारा 173 बीएनएसएस तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 2 एवं 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं ग्राम जाफरपुर निवासी सल्टन पुत्र सुखदेव चौहान एवं जियालाल पुत्र कालीचरन के खिलाफ बाहा खाते की भूमि पर अवैध निर्माण कराने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके अलावा ग्राम सरदागंज निवासी बद्री विशाल पुत्र दुनम द्वारा पोखरी की भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किए जाने के मामले में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन ने अतिक्रमित भूमि को कब्जामुक्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि सरकारी भूमि एवं सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। चारागाह, पोखरी, बाहा, बंजर, सड़क अथवा अन्य सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों की पहचान कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं सरकारी या सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे की जानकारी हो तो इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि समयबद्ध कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि जनपद में अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh