दोस्त की शादी में गए लापता युवक की तीसरे दिन एक्सप्रेस-वे किनारे मिला शव! परिजनों ने जताई हत्या की आशंका! पुलिस जांच में जुटी
आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र में दोस्त की शादी में शामिल होने निकला गोरखपुर का एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उसकी बाइक पहले अतरौलिया क्षेत्र के गदनपुर स्थित टोल प्लाजा के पास लावारिस हालत में मिली और अगले दिन गोरखपुर-लिंक एक्सप्रेस-वे के किनारे उसका शव बरामद हुआ। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के बाघागाड़ा, टोला जीतपुर, थाना गीडा निवासी 26 वर्षीय जयसिंह निषाद पुत्र मिरधारी निषाद सोमवार शाम करीब छह बजे अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए स्प्लेंडर बाइक से घर से निकला था। मंगलवार सुबह भाई के फोन करने पर उसने बताया कि वह रास्ते में है और जल्द घर पहुंच जाएगा। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और उससे संपर्क नहीं हो सका।
मृतक के भाई ने बताया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे पुलिस से सूचना मिली कि जयसिंह की बाइक अतरौलिया क्षेत्र के गदनपुर टोल प्लाजा के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली है। बाइक में चाबी भी लगी हुई थी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और बाइक की पहचान की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस और परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, मगर सफलता नहीं मिली।
बुधवार सुबह गोरखपुर-लिंक एक्सप्रेस-वे पर गदनपुर के पास पिलर संख्या 60 के निकट जयसिंह का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराई। शव की पहचान जयसिंह निषाद के रूप में हुई।
मृतक के भाइयों दुर्गेश और प्रदीप कुमार ने आरोप लगाया कि यह मामला सामान्य सड़क दुर्घटना का नहीं हो सकता। उनका कहना है कि यदि दुर्घटना हुई होती तो बाइक और शव एक ही स्थान पर मिलते। बाइक का एक दिन पहले बरामद होना और शव का दूसरे स्थान पर मिलना हत्या की ओर इशारा करता है। उन्होंने अज्ञात लोगों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।
जयसिंह पेशे से बढ़ई था और परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था। उसके पिता ऑटो चालक हैं। वह तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।






















































Leave a comment