Crime News / आपराधिक ख़बरे

#आजमगढ़ : धार्मिक भावनाएं भड़काने और चहारदीवारी तोड़ने के आरोप में 5 महिलाओं समेत 6 गिरफ्तार

आजमगढ़ के थाना बिलरियागंज क्षेत्र में विवादित जमीन पर चहारदीवारी तोड़ने, धमकी देने और धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में पुलिस ने 5 महिलाओं समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।

थाना बिलरियागंज के ग्राम शेखूपुर निवासी बदिउज्जमा पुत्र शब्बीर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गाटा संख्या 36/0.015 हेक्टेयर भूमि पर 4 मई 2026 को राजस्व टीम द्वारा पैमाइश कर पत्थर निशान लगाया गया था। समाधान दिवस पर धारा-24 के तहत हुई पैमाइश के बाद वादी ने जमीन पर चहारदीवारी बनवाना शुरू किया।

आरोप है कि विपक्षीगण एक राय होकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए चहारदीवारी तोड़ दी। साथ ही धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से सुवर का कटा सिर एवं कटे अंग फेंक दिए तथा जान से मारने की धमकी दी।

तहरीर के आधार पर थाना बिलरियागंज में मु0अ0सं0 113/2026 धारा 3(5)/196/352/351(3)/326(ई)/324(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के नेतृत्व में 10 मई 2026 को उ0नि0 इसरार अहमद और उ0नि0 संतोष कुमार यादव की टीम ने ग्राम जैगहा में दबिश दी।

पुलिस के अनुसार धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील कराने का प्रयास किया गया, लेकिन अभियुक्तों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया और नाम-पता बताने में आनाकानी की। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए 5 अभियुक्ताओं और 1 अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सुरजी देवी पत्नी राजकुमार, रीता देवी पत्नी सुरेन्द्र, मनीषा पुत्री राजकुमार, रेनू पुत्री राजकुमार यादव, आरती पुत्री सुरेन्द्र यादव तथा मुकेश पुत्र सुरेन्द्र यादव शामिल हैं। सभी ग्राम जैगहा थाना बिलरियागंज जनपद आजमगढ़ के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh