Crime News / आपराधिक ख़बरे

लुटेरी दुल्हन साहिबा तिवारी का खौफनाक सच फर्जी शादी रचाकर युवक को खिलाई नींद की गोलियां, फिर उतारा मौत के घाट

गोरखपुर। शादी का झांसा देकर ठगी और लूट के मामलों के बीच ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजस्थान के युवक से ठगी का मामला उजागर होने के बाद अब मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी 45 वर्षीय इंद्र कुमार तिवारी की हत्या की वारदात फिर सुर्खियों में आ गई है। दिव्यनगर में किराए के मकान में रहने वाली साहिबा बानो उर्फ खुशी तिवारी ने अपने प्रेमी कौशल कुमार के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया था। दोनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से इंद्र कुमार से संपर्क किया और शादी का झांसा देकर उसे गोरखपुर बुलाया। जानकारी के मुताबिक, देवरिया के गौरीबाजार निवासी कौशल कुमार और झंगहा क्षेत्र की रहने वाली साहिबा बानो पिछले साल 24 मार्च से रानीडीहा स्थित दिव्यनगर में किराए के मकान में रह रहे थे। उन्होंने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी करने की बात कहकर मकान लिया था और खुद को साधारण दंपत्ति बताया था। हालांकि शुरू से ही उनका व्यवहार संदिग्ध था। सूत्रों के अनुसार, आर्थिक तंगी से जूझ रहे इस जोड़े ने सोशल मीडिया पर इंद्र कुमार का एक वीडियो देखा, जिसमें उसने शादी न होने और अपनी संपत्ति का जिक्र किया था। इसी के बाद दोनों ने उसे निशाना बनाने की योजना बनाई। कौशल कुमार जबलपुर पहुंचा और इंद्र कुमार को अपनी ‘बहन’ खुशी तिवारी से शादी का प्रस्ताव दिया। कुछ दिनों की बातचीत के बाद इंद्र कुमार झांसे में आ गया और 3 जून 2025 को गोरखपुर पहुंच गया। आरोपियों ने उसे अपने किराए के मकान में रिश्तेदार बताकर ठहराया। 5 जून को उसे कुशीनगर के एक होटल में ले जाकर मांग में सिंदूर भरवाकर फर्जी शादी कराई गई। इसके बाद पनीर-चावल में नशीली दवा मिलाकर उसे खिला दिया गया। बेहोश होने पर आरोपी उसे सुकरौली ले गए, जहां चाकू से उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंककर आरोपी जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराधों और शादी के नाम पर ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh