Latest News / ताज़ातरीन खबरें

भाजपा कार्यालय में जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह ने कार्यालय प्रभारी को पीटा घटना से आहत कार्यालय प्रभारी ने कहा भाजपा का सच्चा सिपाही हूं, अकारण मारा गया थप्पड़

•भाजपा जिला अध्यक्ष ने आरोपों को सिरे से किया खारिज, कहा विरोधियों की चाल
आजमगढ़। जिले के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में सोमवार रात एक विवादित घटना सामने आई है, जिसमें कार्यालय प्रभारी रामचंद्र यादव ने जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में तमाम तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कार्यालय प्रभारी रामचंद्र यादव के अनुसार, वह रात में भोजन करने के बाद कार्यालय में बैठे थे, तभी जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह वहां पहुंचे और बिना किसी कारण के उन्हें चार-पांच थप्पड़ मार दिए। उन्होंने बताया कि वह पिछले तीन दशकों से पार्टी से जुड़े हैं और उनकी पार्टी के प्रति गहरी आस्था है, लेकिन इस घटना से वह बेहद आहत हैं। रामचंद्र यादव ने कहा कि उन्होंने पूरे मामले की जानकारी पार्टी के शीर्ष नेताओं को दे दी है और जो भी निर्णय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा, वह उसे स्वीकार करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उन्हें पद से हटाना था तो सीधे कहा जा सकता था, इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। घटना को लेकर यह सवाल भी उठ रहे हैं कि रात के समय जिला अध्यक्ष का कार्यालय पहुंचना किन परिस्थितियों में हुआ और क्या कोई निर्धारित कार्यक्रम था या नहीं। वहीं, इस मामले में जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पार्टी के अंदरूनी विरोधियों की साजिश बताया है। उनका कहना है कि कुछ लोग जिन्हें पद और प्रतिष्ठा नहीं मिल पाई, वे उनके खिलाफ षड्यंत्र कर रहे हैं और उन्होंने किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार नहीं किया है। गौरतलब है कि इसी दिन आजमगढ़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ था। कार्यक्रम के समापन के दिन ही इस तरह की घटना सामने आने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वही इस मामले में क्षेत्रीय अध्यक्ष गोरखपुर क्षेत्र सहजानंद राय ने बताया कि इस तरह की किसी घटना के बारे में अभी हमें कोई जानकारी नहीं मिली है, अगर ऐसा कुछ हुआ है तो वह काफी निंदनीय है, भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित पार्टी है, इस तरह की कोई भी घटना स्वीकार योग्य नहीं है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh