घोसी तहसील सभागार में सादे समारोह में घोसी तहसील क्षेत्र के तीनोंनगर पंचायतों के नौ मनोनीत सभासदों को एसडीएम ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
घोसी। मऊ। घोसी तहसील के सभागार में शनिवार की दोपहर आयोजित सादे समारोह में एसडीएम अशोक कुमार सिंह द्वारा तहसील क्षेत्र के तीनों नगर पंचायतों के शासन द्वारा मनोनीत सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्त, एसडीएम न्यायिक राजेश अग्रवाल, तीनों ईओ सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सभासदों ने नगर क्षेत्र के विकास, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प लिया। वही कार्यक्रम में समन्वय के अभाव में जहां अधिकारियों,सभासदों के साथ किसी का भी माल्यार्पण नहीं हुआ। इससे नाराज कई नेता कार्यक्रम की समाप्ति से पूर्व ही सभागार से निकल गए।
तहसील सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने आदर्श नगर पंचायत घोसी के शासन द्वारा मनोनीत सभासद राजेश मौर्य, नागेंद्र सिंह एवं रुपेंद्र भारती को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही नगर पंचायत अमिला के मनोनीत सभासद आनंद वर्मा, महेंद्र पटेल एवं विजय को भी शपथ दिलाई गई। वहीं नगर पंचायत दोहरीघाट के मनोनीत सभासद राकेश गुप्ता, भरत लाल सोनकर एवं राहुल कुमार ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
शपथ ग्रहण के दौरान सभी मनोनीत सभासदों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए अपने-अपने नगर पंचायत क्षेत्र के विकास, जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नवनियुक्त सभासदों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने कहा कि नगर पंचायतों के विकास में सभासदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि सभासद स्थानीय समस्याओं से सीधे तौर पर जुड़े होते हैं और जनता की अपेक्षाओं को समझते हुए विकास कार्यों को गति देने में उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। उन्होंने सभी मनोनीत सभासदों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निर्वहन करते हुए नगर क्षेत्र के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका होती है। यदि सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर समन्वय के साथ कार्य करें तो नगर क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सकती है।
भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्त ने भी अपने संबोधन में कहा कि नगर पंचायतों के विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने कहा कि मनोनीत सभासदों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने सभी मनोनीत सभासदों को बधाई देते हुए कहा कि वे नगर क्षेत्र के विकास, स्वच्छता और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए समर्पित होकर कार्य करें, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस दौरान लोगों ने आशा व्यक्त की कि नवनियुक्त सभासद नगर क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। इस अवसर पर एसडीएम अशोक कुमार सिंह, एसडीएम न्यायिक राजेश कुमार अग्रवाल, अधिशाषी अधिकारी अनिल कुमार, क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्त, जिला मंत्री रविंद्र उपाध्याय, चेयरमैन मुन्ना प्रसाद गुप्ता, कृपाशंकर सिंह, इंद्रजीत सिंह,डा. राम जतन, आनंद चौधरी, डा. नित्यानंद यादव, इंद्रजीत पटेल पमपम, जयप्रकाश सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती सरोज सिंह, अनिरुद्ध सिंह, देवेंद्र कुमार राजन, चंद्रशेखर, मंडल अध्यक्ष नागेंद्र मद्धेशिया जीतू, संतोष कुमार सिंह, जिला मंत्री परमहंस राजभर सहित अन्य उपस्थित रहे।


























































Leave a comment