सपा विधायक का जाति प्रमाण पत्र फर्जी घोषित चाचा और दो बेटियों के सर्टिफिकेट भी निर सर्टिफिकेट भी निरस्त जनपद स्तरीय सत्यापन समिति का फैसला, OBC में लाभ देने से किया इनकार
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के बिलारी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक मो. फहीम का जाति प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के बाद प्रशासन ने उसे निरस्त कर दिया है। विधायक मो. फहीम ने स्वयं को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की झोजा जाति का बताते हुए जाति प्रमाणपत्र प्राप्त किया था, लेकिन जनपद स्तरीय जाति प्रमाणपत्र सत्यापन समिति ने सुनवाई के बाद इसे अमान्य करार दिया। सत्यापन समिति ने विधायक के साथ-साथ उनके चाचा हाजी मोहम्मद उस्मान तथा उस्मान की दो बेटियों फरहीन जहां और समरीन जहां के जाति प्रमाणपत्र भी निरस्त कर दिए हैं। समिति का कहना है कि प्रस्तुत अभिलेखों से यह स्पष्ट नहीं हो सका कि संबंधित लोग झोजा जाति में वर्गीकृत होते हैं। यह मामला बिलारी तहसील के ग्राम सिहाली निवासी विश्वास यादव उर्फ लवली यादव द्वारा उठाया गया था। उन्होंने 19 जुलाई 2024 को जनपद स्तरीय सत्यापन समिति के समक्ष वाद दायर कर आरोप लगाया था कि विधायक और उनके परिजनों के जाति प्रमाणपत्र फर्जी हैं। मामले की सुनवाई चार सदस्यीय समिति द्वारा की गई, जिसमें दोनों पक्षों के दस्तावेजी साक्ष्यों और तर्कों का अवलोकन किया गया। समिति ने अपने आदेश में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के वर्ष 1998 के एक निर्णय का भी हवाला दिया। आयोग ने झोजा और तुर्क जाति को समानार्थक मानने के अनुरोध को खारिज करते हुए स्पष्ट किया था कि दोनों अलग-अलग जातियां हैं और केंद्रीय OBC सूची में केवल झोजा जाति को ही शामिल किया गया है। इसी आधार पर समिति ने लाभ दिए जाने को अनुचित माना। इस संबंध में जिलाधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि सभी पक्षों को सुनने और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही यह निर्णय लिया गया है। वहीं विधायक मो. फहीम ने कहा कि उन्हें अभी औपचारिक सूचना नहीं मिली है और लखनऊ से लौटने के बाद वे जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे। उधर, विधायक के चाचा हाजी मोहम्मद उस्मान ने दावा किया है कि उनके पास वर्ष 1911 से 2018 तक के पुश्तैनी दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यदि समिति ने इन साक्ष्यों की अनदेखी की है तो वे मंडलीय अपीलीय फोरम में कानूनी प्रक्रिया के तहत अपील करेंगे और उन्हें न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है।




















































Leave a comment