Latest News / ताज़ातरीन खबरें

रक्षाबंधन से पहले आजमगढ़ में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 250 किलो मिठाई नष्ट

आजमगढ़। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटी एवं अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न तहसीलों में प्रतिष्ठानों से 19 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।

सरायमीर, फरिहा, गंभीरपुर, मसीरपुर बाजार, फूलपुर, सदर एवं नगर पालिका क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान खोया, पनीर, मिल्क केक, नमकीन, रस्क, छेना मिठाई, गुलाब जामुन, बेसन, बूंदी लड्डू, बेसन लड्डू, डोडा बर्फी, दूध और कलाकंद समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

विभाग के अनुसार अभियान में अब तक कुल 27 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। वहीं अस्वच्छ परिस्थितियों में निर्मित 250 किलोग्राम मिठाइयां, जिसकी कीमत करीब ₹62,500 बताई गई है, जब्त कर नष्ट कराई गईं।

खाद्य विभाग की सचल खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से सदर एवं लालगंज क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में मौके पर खाद्य पदार्थों की जांच भी की गई। साथ ही खाद्य कारोबारियों और आम लोगों को खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता को लेकर जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को खुले और अस्वच्छ वातावरण में खाद्य पदार्थों का भंडारण एवं बिक्री न करने की हिदायत दी है। विभाग ने स्पष्ट किया कि रक्षाबंधन और श्रावण मास को देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh