दरी पर बच्चों के बीच नीचे बैठे डीएम, प्यार-दुलार से जाना पढ़ाई और भोजन का हाल
•ऊंजी जलाईपुर के प्राथमिक विद्यालय में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार का औचक निरीक्षण, किताब पढ़वाकर परखी शैक्षणिक गुणवत्ता
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने शुक्रवार को विकासखंड रानी की सराय स्थित प्राथमिक विद्यालय ऊंजी जलाईपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों की पढ़ाई, मध्यान्ह भोजन, उपस्थिति, शौचालय और विद्यालय की साफ-सफाई समेत आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कक्षा एक और दो के छोटे बच्चे टाइल्स पर बिछी दरी पर पढ़ते मिले। जिलाधिकारी भी बच्चों के बीच नीचे बैठ गए और प्यार-दुलार करते हुए उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई और विद्यालय में मिलने वाले भोजन के बारे में जानकारी ली। बच्चों से यह भी पूछा कि उन्हें भोजन में क्या-क्या मिला।
किताब पढ़वाकर परखी बच्चों की शैक्षणिक क्षमता
जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से किताबें पढ़वाईं और सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। उन्होंने विद्यालय की उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया। डीएम ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि बच्चों की वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
रसोईघर और शौचालय का भी जिलाधिकारी ने जाना हाल
डीएम ने विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण कर तैयार किए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई देखी। उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बालक और बालिका शौचालयों का निरीक्षण करते हुए नियमित सफाई और उन्हें हमेशा उपयोग योग्य रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों की उपस्थिति, भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।























































Leave a comment