इजरायल भेजने के नाम पर चल रही थी आफलाइन भर्ती मुकदमा दर्ज रोजगार संगम पोर्टल को दरकिनार कर लिए जा रहे थे इंटरव्यू, बेरोजगारों से ठगी की आशंका पर पुलिस ने शुरू की जांच
आजमगढ़। इजरायल में रोजगार दिलाने के नाम पर ऑफलाइन भर्ती और साक्षात्कार आयोजित किए जाने का मामला सामने आने के बाद सिधारी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह कार्रवाई क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आजमगढ़ के सहायक निदेशक सेवायोजन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर की गई है। मामले में आरोप है कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद भर्ती एजेंसी ने निर्धारित ऑनलाइन प्रक्रिया का पालन नहीं किया और बेरोजगार युवाओं के साथ धोखाधड़ी एवं ठगी की आशंका उत्पन्न कर दी। सहायक निदेशक सेवायोजन राममूर्ति ने अपनी तहरीर में बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव द्वारा जारी पत्र संख्या 196/36-5-2025 दिनांक 25 मार्च 2025 के अनुसार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा रोजगार संगम पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से देश-विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। विदेशों में रोजगार के लिए भी चयन प्रक्रिया इसी पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाती है। तहरीर के अनुसार, गत वर्ष एनएसडीसी इंटरनेशनल के समन्वय से इसी पोर्टल के माध्यम से लगभग 6,000 निर्माण श्रमिकों को इजरायल भेजा गया था। वर्तमान में भी इजरायल में रोजगार के लिए चयन प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित की जा रही है। आरोप है कि 3 अगस्त 2026 को मेसर्स आरके इंटरनेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी द्वारा मऊ रोड स्थित जयरामपुर में गल्फ टेक्निकल इंस्टीट्यूट परिसर (स्टील फैक्ट्री के निकट, आदित्य हॉस्पिटल के पास) पर इजरायल में श्रमिकों की भर्ती के लिए रोजगार संगम पोर्टल का उपयोग किए बिना ऑफलाइन भर्ती एवं साक्षात्कार आयोजित किया गया। इससे बेरोजगार युवाओं के साथ धोखाधड़ी और ठगी किए जाने की आशंका जताई गई। शिकायत मिलने के बाद सहायक निदेशक सेवायोजन ने सिधारी थाना पुलिस से मामले में विधिक कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया, संबंधित एजेंसी की भूमिका तथा शासन के निर्देशों के उल्लंघन सहित सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी




















































Leave a comment