समाजसेवी अभिषेक सिंह राठौर ने फिर दिखाया नगर पालिका के जिम्मेदारों को आईना, खुद आगे आकर कराया सड़क का मरम्मत कार्य
बिलरियागंज। नगर पालिका बिलरियागंज में बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर जहां आम जनता को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं समाजसेवी अभिषेक सिंह राठौर ने एक बार फिर अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए नगर पालिका के जिम्मेदारों को आईना दिखाने का काम किया है।
नगर पालिका क्षेत्र के शिव नगर वार्ड स्थित पत्रकार पुरम में कीचड़ से भरे रास्ते की हालत काफी खराब हो गई थी। सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया था। खासकर स्कूली बच्चों, अभिभावकों, मैरेज हाल में आने-जाने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के बाद रास्ते की स्थिति और भी बदतर हो गई थी।
स्थानीय लोगों की इस समस्या को देखते हुए समाजसेवी अभिषेक सिंह राठौर ने स्वयं पहल की और अपने स्तर से ईंट के टुकड़े तथा राबिश गिरवाकर रास्ते की मरम्मत कराई। उनके इस प्रयास से कीचड़ भरे रास्ते को काफी हद तक चलने योग्य बना दिया गया, जिससे स्कूली बच्चों, मैरेज हाल में आने वाले लोगों और आम जनमानस को बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि नगर पालिका क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को लेकर अक्सर सवाल उठते रहते हैं। सड़क, नाली और जलनिकासी जैसी समस्याओं से नागरिक जूझते रहते हैं। ऐसे में एक समाजसेवी द्वारा अपने स्तर से रास्ते की मरम्मत कराना नगर पालिका के जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है।
अभिषेक सिंह राठौर के इस कार्य की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों को भी आम जनता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, ताकि नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।
अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस समस्या को स्थायी रूप से दूर करने के लिए कब तक ठोस कदम उठाता है। क्योंकि ईंट के टुकड़ों और राबिश से फिलहाल रास्ता चलने योग्य तो हो सकता है, लेकिन क्षेत्रवासियों को आज भी एक पक्की और व्यवस्थित सड़क का इंतजार है।























































Leave a comment