कमिश्नर की सुरक्षा ड्यूटी से लौट रहे आरक्षी की सड़क हादसे में मौत, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
आजमगढ़। कमिश्नर की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन लौट रहे आरक्षी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। गुरुवार को पुलिस लाइन में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम विदाई दी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे सिधारी थाना क्षेत्र के बेलईसा पुल के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर एक अनुबंधित बस की टक्कर से आरक्षी बलवंत सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वह कमिश्नर, आजमगढ़ की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन वापस लौट रहे थे।
बलवंत सिंह यादव मूल रूप से चंदौली जनपद के धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव के निवासी थे। उनका जन्म सात मार्च 1997 को हुआ था। वह 17 दिसंबर 2022 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती हुए थे और वर्तमान में कमिश्नर सुरक्षा गार्ड में तैनात थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए परिजनों को अवगत कराया। गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित अन्य अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने दिवंगत आरक्षी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान दिवंगत आरक्षी को पूरे राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


























































Leave a comment