Latest News / ताज़ातरीन खबरें

रंग-बिरंगी रंगोलियों से बच्चों ने बिखेरी दीपावली की छटा, एसबी मेमोरियल एकेडमी में दिखी प्रतिभा

• जल संरक्षण, पौधा संरक्षण , बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जैसे संदेशों से सजी रंगोलियां बनीं आकर्षण का केंद्र

देवरिया। भाटपार रानी  के सोहनपार स्थित एसबी मेमोरियल एकेडमी में शनिवार को दीपावली के उपलक्ष्य में रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इसमें कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक एवं रंग-बिरंगी रंगोलियों से विद्यालय परिसर दीपावली के रंगों में सराबोर नजर आया।
विद्यालय प्रबंधक व समाजसेवी संतोष कुमार पांडेय तथा प्रधानाचार्य नवीन चंद्र पांडेय के संरक्षण में आयोजित इस प्रतियोगिता में बच्चों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक रंगोलियां बनाईं। किसी ने जल संरक्षण और वृक्ष संरक्षण का संदेश दिया तो किसी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सीमा सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता को अपनी रंगोली के माध्यम से जीवंत रूप दिया। वहीं भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की आकर्षक रंगोलियों के साथ मयूर, महिला, दीपक सहित विभिन्न कलात्मक आकृतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में बच्चों की रचनात्मकता और मेहनत देखते ही बन रही थी। प्रत्येक रंगोली अपने आप में विशेष थी और उनके माध्यम से बच्चों ने सामाजिक सरोकारों के साथ भारतीय संस्कृति एवं त्योहारों के महत्व को भी खूबसूरती से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों में मिठाइयां एवं फुलझड़ियां वितरित की गईं, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर प्रबंधक संतोष कुमार पांडेय, प्रधानाचार्य नवीन चंद्र पांडेय एवं समस्त शिक्षकगणों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की। कार्यक्रम का समापन दीपावली की खुशियां साझा करने और आतिशबाजी के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh