Latest News / ताज़ातरीन खबरें

पीएम श्री भगड़ा भवानी विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पदमा गुप्ता ने बढ़ाया जनपद का सम्मान

देवरिया।पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय भगड़ा भवानी, नगर पंचायत मझौलीराज की प्रधानाध्यापिका पदमा गुप्ता को एडूलीडर्स राज्य शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। मथुरा स्थित केएमआर मेडिकल यूनिवर्सिटी में आयोजित दो दिवसीय शैक्षिक समागम एवं सम्मान समारोह में उन्हें उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान, शिक्षण में नवाचार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में प्रदेश के सभी 75 जनपदों से चयनित 175 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें देवरिया से पदमा गुप्ता का चयन हुआ। विशेष उपलब्धि यह रही कि वह जनपद से सम्मान के लिए चयनित एकमात्र प्रधानाध्यापिका रहीं।
कार्यक्रम में केएम यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति किशन चौधरी एवं मथुरा की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने उन्हें सम्मानित किया। समारोह के आयोजन में एडूलीडर्स के संस्थापक एवं राष्ट्रपति पदक से सम्मानित शिक्षक डॉ. सर्वेश मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने शिक्षकों की ओर से किए जा रहे शैक्षणिक नवाचारों और सामूहिक प्रयासों से संचालित गतिविधियों की जानकारी साझा की।
पदमा गुप्ता को यह सम्मान शिक्षण कार्य में नए प्रयोगों, विद्यालय को पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व विकास का केंद्र बनाने तथा भारतीय ज्ञान परंपरा को शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों के लिए दिया गया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नैतिक मूल्यों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह में 'शिक्षा में भारतीय ज्ञान परंपरा एवं नैतिक मूल्यों का समावेश' विषय पर संगोष्ठी भी आयोजित हुई। इसमें वक्ताओं ने आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक एवं चारित्रिक मूल्यों को जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गीता में वर्णित निष्काम कर्म, स्थितप्रज्ञता और ध्यान योग जैसे सिद्धांत विद्यार्थियों की एकाग्रता, निर्णय क्षमता तथा मानसिक संतुलन को बेहतर बनाने में सहायक हो सकते हैं।
पदमा गुप्ता की इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी रामप्यारे राम, एसआरजी डॉ. आदित्य नारायण गुप्ता, एआरपी चंदन गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उनकी इस उपलब्धि से जनपद के शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh