जनता दर्शन में आने वाली समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें अधिकारी : डीएम
देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद के सभी उप जिलाधिकारियों एवं राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे नियमित रूप से जनता दर्शन में बैठकर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी अधिकांश फरियादी अपनी छोटी-छोटी समस्याओं, जैसे रास्ते, नाली एवं भूमि विवाद से जुड़े मामलों को लेकर जनता दर्शन में आते हैं। इन सभी समस्याओं की गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए उनका वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग से संबंधित धारा 229 बी, धारा 67 एवं पांच वर्ष से अधिक पुराने अन्य मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व वादों के एवं आईजीआरएस के मामलों को लेकर राजस्व की रैंकिंग प्रभावित न हो, यह पूरी तरह सुनिश्चित किया जाए। किसी भी दशा में पुराने मामले लंबित न रहें। जनता दर्शन एवं आईजीआरएस से संबंधित मामले लंबित न रखते हुए उनका वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनपद में धारा 67 के सर्वाधिक मामले लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को सक्रियता बढ़ाते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी तहसीलों में तैनात उप जिलाधिकारी न्यायिक को भी जनता दर्शन में सक्रिय रहकर फरियादियों की समस्याओं को सुनने और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनता दर्शन में गूगल लिंक के माध्यम से भी जुड़े रहने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) चंद्रेश कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह संबंधित एसडीएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।























































Leave a comment