अर्नब तूफान का कहर क्षेत्र में लगातार बारिश से धान की फसल गिरने से किसानों की बढ़ी चिंता
घोसी।मऊ।अर्नब तूफान के प्रभाव से मौसम में आए भारी बदलाव ने घोसी तहसील क्षेत्र के किसानों की नींद उड़ा दी है। तेज हवाओं और लगातार हो रही बारिश के कारण घोसी तहसील क्षेत्र समेत पूरे जनपद में खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल जमीन पर बिछ गई है। इससे किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिरने का खतरा पैदा हो गया है।
बृहस्पतिवार से लगभग 40 घंटे से बारिश घोसी तहसील क्षेत्र में हो रही बरसात एवं तेज हवाओं से रुक-रुककर हो रही बारिश से जनजीवन के साथ-साथ खेती-किसानी बुरी तरह प्रभावित हुई है।
तेज हवाओं के झोंके से धान की पकी हुई फसल खेतों में गिर गई है, जिससे खेतों में पानी जमा होने से दानों के सड़ने और काले पड़ने की आशंका बढ़ गई है।कटाई के मुहाने पर खड़ी फसल के नष्ट होने की आशंका से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है।
क्षेत्र के किसान शेख हिसामुद्दीन, सतीश कुमार पाण्डेय, इन्दल चौहान, अंसार अहमद खान आदि ने बताया कि बे मौसम की बरसात, तेज हवाओं के चलते धान की फसल के साथ अन्य फसलों को नुक़सान हुआ है।
किसानों का कहना है कि यदि मौसम का यह मिजाज जल्द नहीं सुधरा और बारिश का सिलसिला यूं ही जारी रहा, तो उनकी लागत निकलना भी मुश्किल हो जाएगा।























































Leave a comment