बिलरियागंज थाना प्रभारी अतुल मिश्रा की पहल से डेढ़ दर्जन छुट्टा पशु गौशाला भेजे गए कस्बा वासियों ने की सराहना
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने जनहित में पहल करते हुए थाना क्षेत्र के बिलरियागंज कस्बा तथा श्रीनगर (सियरहां) अंडरपास के आसपास घूम रहे लगभग डेढ़ दर्जन छुट्टा पशुओं को पकड़वाकर मंदूरी के पास स्थित गौशाला में भिजवाया। चार वाहनों की मदद से पशुओं को सुरक्षित गौशाला पहुंचाने की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। कस्बावासियों ने थाना प्रभारी की इस पहल की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में घूम रहे छुट्टा पशुओं के अचानक राहगीरों पर हमला करने की शिकायतें मिल रही थीं। इनके कारण कई लोग घायल भी हो चुके थे, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया और पशुओं को गौशाला भेजने की व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि अभियान अभी जारी रहेगा। जो छुट्टा पशु पकड़ने से बच गए हैं, उन्हें भी अगले दिन पकड़वाकर गौशाला भेजा जाएगा, ताकि राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।थाना प्रभारी की इस सक्रियता और जनहित से जुड़ी पहल की बिलरियागंज कस्बावासियों ने प्रशंसा की। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे प्रयासों से आमजन को राहत मिलती है और पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत होता है। थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा की इस कार्रवाई को क्षेत्र में जनसुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
























































Leave a comment