सेंट्रल पब्लिक स्कूल की छात्रा की हुई दर्दनाक मौत, स्कूल जाते समय ट्रेलर की चपेट में आने से हुआ हादसा, चचेरा भाई गंभीर
आजमगढ़। मुबारकपुर नगर के मोहल्ला कटरा में बुधवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार 16 वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका 15 वर्षीय चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब दोनों भाई-बहन स्कूल जा रहे थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर नगर के मोहल्ला पुरा रानी निवासी गुलरेज अजीजी की 16 वर्षीय पुत्री तहजीब अपने चचेरे भाई रेयाज (15) पुत्र हुमायूं कबीर के साथ सेंट्रल पब्लिक स्कूल, मुबारकपुर जा रही थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे दोनों मोहल्ला कटरा पहुंचे थे। इसी दौरान सामने ट्रेलर आ जाने से बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा। हादसे में रेयाज बाइक से उछलकर दूर जा गिरा, जबकि तहजीब ट्रेलर के पहिए के नीचे आकर दब गई। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा के शव को कब्जे में लेकर घायल रेयाज को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर को भी कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि सड़क हादसे में छात्रा की मौत हुई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। बताया जाता है कि तहजीब दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। उसके पिता गुलरेज अजीजी रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं।
























































Leave a comment