Latest News / ताज़ातरीन खबरें

चलती बस में युवती के उड़ गए प्राण पखेरू सभी लोग रह गये दंग

वाराणसी से मऊ जा रही रोडवेज की एक बस में गुरुवार की रात एक रहस्यमयी मामला उजागर होने से सभी सन्न रह गये। इस घटना ने पुलिस और परिवहन निगम विभाग के चालक और परिचालक को भी सन्न कर दिया। मऊ नगर क्षेत्र में स्थित रोडवेज बस स्टेशन पर गुरुवार रात करीब 12:15 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वाराणसी से मऊ पहुंची रोडवेज बस की एक सीट पर बैठी एक युवती मृत अवस्था में मिली।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पूरी यात्रा के दौरान युवती उसी मुद्रा में सीट पर बैठी रही, जिससे यात्रियों को लगा कि वह गहरी नींद में सो रही है। किसी को इस बात का अंदेशा तक नहीं हुआ कि उसकी मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से युवती को जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिचालक अवधेश यादव ने बताया कि बस वाराणसी से गोरखपुर डिपो के लिए जा रही थी। युवती ने वाराणसी से मऊ तक का टिकट लिया था। यात्रा के दौरान गाजीपुर रोडवेज पर बस रुकने पर युवती ने एक बार जोर से आवाज लगाई। पूछने पर उसने तबीयत खराब होने की बात तो नहीं कही, लेकिन शौचालय जाने की इच्छा जताई। बस रोककर उसे यह सुविधा उपलब्ध कराई गई।
परिचालक के अनुसार युवती की तबीयत ठीक नहीं लग रही थी, इसलिए मऊ सदर अस्पताल के गेट के सामने बस रोककर उसे उतारकर उपचार कराने की सलाह भी दी गई, लेकिन उसने बस से उतरने से इनकार कर दिया। इसके बाद बस रोडवेज स्टेशन पहुंची। वहां भी जब उसे उतरने के लिए कहा गया तो वह नहीं उतरी। उसका टिकट मऊ तक का था, कुछ यात्रियों ने सुझाव दिया इसलिए उसे आजमगढ़ तिराहे पर मिलने वाली महिला पुलिस को सौंप दिया जाए। रोडवेज स्टेशन पर लगभग 15 मिनट के ठहराव के बाद जब बस गोरखपुर के लिए रवाना हुई और आजमगढ़ तिराहे के पास पहुंची, तब देखा गया कि युवती के शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही है। इसके बाद तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। युवती के पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान डिंपल सिंह (21 वर्ष) पुत्री जय बहादुर सिंह, निवासी गौहरपुर, थाना मुहम्मदाबाद गोहना, जनपद मऊ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार डिंपल दिल्ली में एक कपड़े की दुकान पर कार्य करती थी और गुरुवार शाम वाराणसी से मऊ आने के लिए रोडवेज बस में सवार हुई थी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh