विजली विभाग की लापरवाही से हुआ बड़ा हादसा, करंट लगने से बच्ची की हालत गंभीर
देवरिया।मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर स्थित हरिजन बस्ती में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा सामने आया है। झुके हुए बिजली के खंभे और जमीन पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जो फिलहाल जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
बताया जा रहा है कि बस्ती में पिछले कई दिनों से दो बिजली के खंभे खतरनाक तरीके से झुके हुए थे। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना विद्युत विभाग को दी थी। एक समाजसेवी ने खंभे की तस्वीर खींचकर विभाग के एसडीओ को भेजी थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के दिन बस्ती के पास से गुजर रही बच्ची अचानक जमीन पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गई और उससे चिपक गई। मौके पर मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण दौड़ते हुए पहुंचे और लकड़ी के डंडे की मदद से बच्ची को तार से अलग किया।
घटना के बाद परिजन तुरंत बच्ची को अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मऊ रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि बच्ची अपनी मां के साथ नानी के घर आई हुई थी।
हादसे के बाद भी मौके पर बिजली विभाग का कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे विभाग की लापरवाही को इस घटना का जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।






















































Leave a comment