सरस्वती विद्या मंदिर में मेधावियों का सम्मान प्रदेश व जिले में स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को किया गया पुरस्कृत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
कादीपुर, सुलतानपुर।सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, झारखंड कादीपुर में सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षा फल वितरण एवं प्रतिभा अलंकरण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह एवं उपजिलाधिकारी उत्तम तिवारी मौजूद रहे।
समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। हाईस्कूल में आदित्य भूषण पांडे ने प्रदेश में छठा एवं प्रत्युष्या मिश्रा ने नवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं इंटरमीडिएट में खुशी त्रिपाठी ने जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। अन्य मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब उसमें नैतिक मूल्यों का समावेश हो। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। प्रधानाचार्य अवधेश कुमार मिश्रा ने कहा कि विद्यालय केवल परीक्षा परिणाम देने का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार एवं चरित्र निर्माण का पवित्र स्थान है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, महिला शिक्षा पर आधारित नाटक, दुर्गा स्तुति एवं भोजपुरी लोकनृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आचार्यों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन आकृति यादव एवं अंशिका पांडे ने किया। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।






















































Leave a comment