सुल्तानपुर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उद्योग बंधु, एमओयू क्रियान्वयन एवं व्यापार बंधु समिति की बैठक सम्पन्न
सुलतानपुर ।जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जनपद स्तरीय उद्योग बंधु समिति, एमओयू क्रियान्वयन तथा व्यापार बंधु की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के उद्यमियों, व्यापारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान उद्योग स्थापना और व्यापार संचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में उद्यमियों एवं व्यापारियों ने भूमि विवाद, रास्ते की समस्या, जल निकासी, सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट तथा औद्योगिक भूमि की कमी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी उद्योग की स्थापना के लिए भूमि सबसे महत्वपूर्ण आधार है। इस संबंध में उद्यमी रवीन्द्र त्रिपाठी द्वारा जनपद विभाजन के बाद औद्योगिक क्षेत्र अमेठी में चले जाने से उत्पन्न भूमि संकट की समस्या उठाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनपद में शीघ्र औद्योगिक भूमि चिन्हित कर उद्यमियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि नए उद्योगों की स्थापना में बाधा न आए।
उद्यमी विनोद जायसवाल ने अपने निर्माणाधीन रिसॉर्ट के लिए बिजली कनेक्शन और जल निकासी की समस्या बताई, जिस पर संबंधित अधिशासी अभियंता को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं कादीपुर-बेलवाई मार्ग पर गड्ढों के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को तीन दिन के भीतर मरम्मत कराने, अन्यथा ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
बैठक में उद्यमी मोइन ने बैंक से स्वीकृत सीसी लिमिट के उपयोग में आ रही बाधाओं की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने एलडीएम को संबंधित बैंक शाखा से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। सूरापुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष द्वारा भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जांच रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों ने अपनी समस्याएं रखीं। इटकौली चौराहे से सेंट जोसेफ स्कूल तक वन-वे व्यवस्था से व्यापार प्रभावित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने बताया कि ट्रैफिक सुधार हेतु ड्रोन सर्वे कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
हनुमानगंज मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था की कमी एवं रोडवेज बसों के संचालन न होने से उत्पन्न असुरक्षा के मुद्दे पर जिलाधिकारी ने मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित कराने और अगली बैठक में रोडवेज अधिकारियों को उपस्थित होने के निर्देश दिए।
सुपर मार्केट क्षेत्र में अतिक्रमण, दुकानों की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर अतिक्रमण हटाने एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त सूरापुर एवं दोस्तपुर में जाम की समस्या तथा शाही पुल की जर्जर स्थिति पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अगली बैठक में ठोस कार्ययोजना के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अगली बैठक में सभी प्रगति को एलईडी स्क्रीन पर पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए। साथ ही उन्होंने उद्यमियों को सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत ऋण लेकर स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।
बैठक के अंत में उद्यमियों एवं व्यापारियों ने जिलाधिकारी द्वारा समस्याओं को गंभीरता से सुनने और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डीसी एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

























































Leave a comment