शरारती तत्वों ने मंदिर का शिवलिंग तोड़ा, हैंडपंप भी किया क्षतिग्रस्त
देवरिया।बरहज नगर के रेलवे स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शरारती तत्वों ने शिवलिंग तोड़ दिया और पेयजल के लिए लगे हैंडपंप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है।
मंदिर के पुजारी राजनाथ पुत्र स्वर्गीय रामनाथ ने बरहज थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि मंदिर के दक्षिण दिशा में स्थापित शिवलिंग को रात में असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया। आरोप है कि मंदिर में हो रहे भजन-कीर्तन में भी लगातार व्यवधान डाला जा रहा है।
पुजारी के अनुसार, एक सप्ताह पूर्व कुछ लोग मंदिर के दरवाजे पर सो रहे थे। उठाने पर उन्होंने गाली-गलौज कर धमकी दी। इसके बाद परिसर में लगे हैंडपंप को भी तोड़ दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ अराजक तत्व मंदिर परिसर में बैठकर लगातार धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली हरकतें कर रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं की आस्था आहत हो रही है।
श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।

























































Leave a comment