बरियारपुर क्षेत्र में पत्रकार के किरायेदारों पर हमला, महिलाओं के साथ अभद्रता का आरोप
देवरिया।जनपद के बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बगहा मठिया में मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चकियवा थाना कोतवाली निवासी पत्रकार दिलीप कुमार ने बगहा मठिया स्थित अपनी जमीन पर नया मकान बनवाकर कुछ लोगों को किराये पर कमरा दे रखा है। ये लोग झांकी कार्यक्रम आयोजित करने का कार्य करते हैं।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर झांकी संचालित करने वाले समूह के अंदर ही विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि दिनांक 25 की देर रात लगभग 10-15 की संख्या में लोग एकत्र होकर पत्रकार के मकान पर पहुंच गए और वहां रह रहे किरायेदारों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने महिलाओं के साथ भी अभद्रता की और उनके कपड़े तक फाड़ दिए, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, इस हमले में सत्यम नामक व्यक्ति, जो झांकी संचालन से जुड़ा बताया जा रहा है, मुख्य आरोपी है। वह अपने साथ कई लोगों को लेकर आया और सुनियोजित तरीके से हमला किया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय आपसी समझौते के जरिए मामला शांत करा दिया।
हालांकि, यह पूरा मामला बरियारपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिससे स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने बरियारपुर थाना अध्यक्ष से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है और लोगों में आक्रोश व्याप्त है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ितों को न्याय कब तक मिल पाता है।






















































Leave a comment