आजमगढ़ पुलिस लाइन में 594 महिला रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड सम्पन्न
आजमगढ़, 26 अप्रैल। पुलिस लाइन आजमगढ़ में रविवार को 594 महिला रिक्रूट आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डीआईजी आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह ने परेड की सलामी ली और 20 टोलियों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सभी प्रशिक्षु आरक्षियों को सेवा की शपथ दिलाई गई।
इन महिला रिक्रूट आरक्षियों का 9 माह का आधारभूत प्रशिक्षण 21 जुलाई 2025 से चल रहा था। प्रशिक्षण में आजमगढ़ की 235, गाजीपुर की 204, मऊ की 104 और भदोही की 51 महिला अभ्यर्थी शामिल रहीं। प्रशिक्षण के दौरान अंतः एवं बाह्य विषयों में अनुशासित और व्यापक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में हुआ। डीआईजी ने अपने संबोधन में महिला आरक्षियों को कर्तव्यों के प्रति सजग रहने, अनुशासन बनाए रखने और समाज सेवा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
दीक्षांत परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 19 महिला रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित किया गया। परेड कमांडर के रूप में गीतांजली शर्मा प्रथम, नमिता यादव द्वितीय और प्राची यादव तृतीय रहीं। सर्वांग सर्वोत्तम का खिताब मान्या मौर्या को मिला, जबकि बाह्य कक्षीय में पूजा अस्थाना ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
इसके अलावा विभिन्न विषयों और प्रशिक्षण क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली अन्य महिला आरक्षियों को भी प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रशिक्षकों में भी उत्कृष्ट कार्य के लिए राजेंद्र कुमार, प्रकाश कुमार और संजय कुमार को सम्मानित किया गया।
समारोह में उद्घोषणा के लिए पुलिस उपाधीक्षक शशिमौली पाण्डेय और अभय तिवारी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षुओं के अभिभावक और गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन को अनुशासन, गरिमा और उत्साह के साथ सम्पन्न किया गया।
























































Leave a comment