आजमगढ़: अंतरजनपदीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार
आजमगढ़। जनपद में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तहबरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक सक्रिय तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से कुल 10 किलो अवैध गांजा और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर नवापुरा मोड़ पर घेराबंदी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के दौरान थाना तहबरपुर पुलिस को गुरुवार को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई। पुलिस टीम ने तत्काल हरकत में आते हुए नवापुरा मोड़ (ग्राम नवापुर) पर सतर्कता के साथ घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में जा रहे एक युवक और दो महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
10 किलो गांजा और नकदी बरामद
क्षेत्राधिकारी बूढ़पुर की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान अभियुक्तों के पास मौजूद बैगों से मादक पदार्थ बरामद हुआ। मुख्य अभियुक्त मो. साजिद के पास से 6 किलो, जबकि उसकी दो महिला साथियों रविता निषाद और प्रीति निषाद के पास से 2-2 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ एक ट्रॉली बैग, दो पिट्ठू बैग, तीन मोबाइल फोन और ₹680 नकद जब्त किए हैं।
गोरखपुर के निवासी हैं सभी तस्कर
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी मूल रूप से गोरखपुर जिले के राजघाट थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह खेप आजमगढ़ में किसे सप्लाई की जानी थी और इस नेटवर्क के पीछे मुख्य सरगना कौन है।
"अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत यह कार्यवाही की गई है। पकड़े गए अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।"
— थाना प्रभारी, तहबरपुर




















































Leave a comment