Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं

देवरिया ।जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की उपस्थिति में शनिवार को सदर तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 73 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 33 राजस्व, 15 पुलिस, 04 विकास तथा 21 अन्य विभागों से संबंधित थे। इनमें से 07 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। साथ ही, दो पात्र लाभार्थियों को अन्त्योदय राशन कार्ड एवं एक लाभार्थी को दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित कर त्वरित राहत प्रदान की गई। शेष प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का समाधान पारदर्शी, समयबद्ध एवं संतोषजनक ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर त्वरित रूप से किया जाए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh