Crime News / आपराधिक ख़बरे

सगहापुर गांव में सरसों की मड़ाई को लेकर विवाद, दबंगों पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप

 आलापुर अम्बेडकर नगर।अंबेडकर नगर जिले के जहांगीरगंज ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सगहापुर में एक किसान ने अपनी कटी हुई सरसों की फसल को नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम सगहापुर निवासी रामसजीवन तिवारी पुत्र श्रीपति ने उपजिलाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि वह गाटा संख्या 339, मौजा सगहापुर के संक्रमणीय भूमिधर हैं और खतौनी के अनुसार अपनी भूमि पर वैधानिक रूप से खेती कर रहे हैं। वर्तमान में उनकी सरसों की फसल कट चुकी है और मड़ाई के लिए तैयार है।
किसान का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग लालजीत पाण्डेय, सुरेंद्र पाण्डेय और पीयूष पाण्डेय उनकी फसल की मड़ाई में अवैध रूप से बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त लोग दबंग प्रवृत्ति के हैं तथा आए दिन गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी देते हैं।
प्रार्थी रामसजीवन तिवारी के अनुसार, आरोपितों द्वारा उनकी फसल को जबरन मड़ाई करवाने अथवा नष्ट करने की आशंका बनी हुई है, जिससे वह और उनका परिवार भयभीत है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व अभिलेखों के आधार पर उनकी भूमि की स्थिति स्पष्ट कराते हुए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वह अपनी फसल की मड़ाई सुरक्षित रूप से कर सकें।इस संबंध में थाना राजेसुल्तानपुर के प्रभारी निरीक्षक अक्षय पटेल ने बताया कि मामला संज्ञान में है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं उपजिलाधिकारी आलापुर सुभाष सिंह धामी ने भी प्रार्थी को निष्पक्ष जांच और न्याय का आश्वासन दिया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh