Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ में दर्दनाक घटनाओ में किशोरी समेत सात की मौत कई घायल फंदे से लटके मिले तीन शव, विवाहिता की संदिग्ध मौत से उठे सवाल

आजमगढ़। जनपद और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार से मंगलवार के बीच हुई अलग-अलग घटनाओं में किशोरी, विवाहिता, छात्र और दो सगे भाइयों समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सड़क हादसे में चार लोग घायल हो गए। सभी मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मेंहनगर थाना क्षेत्र के कूढ़ापार गांव में 17 वर्षीय दर्पणा का शव घर के अंदर छत के चुल्ले से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। वह घर पर अकेली थी और माता-पिता खेत पर काम करने गए थे। शाम को दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, जहां किशोरी मृत मिली। सिधारी थाना क्षेत्र के जाफपुर स्थित कांशीराम आवास में 19 वर्षीय सलोनी का शव कमरे में साड़ी के सहारे लटकता मिला। बताया गया कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के जजी का मैदान स्थित राजकीय अंबेडकर छात्रावास में एसआई की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय अजय कुमार की बंद कमरे में संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। दरवाजा न खुलने पर पुलिस ने तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां वह मृत मिला। अतरौलिया थाना क्षेत्र के गजाधर पट्टी गांव की 23 वर्षीय अंजली की मुकेरीगंज स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं अंबेडकर नगर जनपद के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के पदुमपुर बाजार में बाइक से गिरकर घायल 55 वर्षीय किस्मती देवी की अतरौलिया सौ शैय्या अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात हुए हादसे में पवई थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव निवासी सुमित गौड़ (25) और शुभम गौड़ (22) की बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसी एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह किलोमीटर संख्या 248 पर तेज रफ्तार हैरियर कार का टायर फटने से वाहन पलट गया। कार सवार पार्थ गौरव, उनकी पत्नी पल्लवी, छह माह का पुत्र और मां आभा देवी घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है। लगातार हुई इन घटनाओं से जनपद में शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh